हिमायतनगर (संवादादाता) कभी-कभी छोटी सी उधारी भी बड़े खून-खराबे की वजह बन जाती है—ऐसा ही चौंकाने वाला मामला हिमायतनगर के उमरचौक में सामने आया है। साप्ताहिक बाजार के दिन भीड़भाड़ के बीच पैसों के विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया और एक व्यक्ति पर तलवार-चाकू से जानलेवा हमला कर दिया गया।

8 अप्रैल 2026 की दोपहर करीब 12 बजे, उमरचौक कमान के पास यह घटना उस वक्त हुई जब शिकायतकर्ता शाकीर हुसैन अपने उधार के पैसे मांगने गए थे। आरोप है कि इसी बात पर विवाद बढ़ गया और “तू हमारे आदमी को पैसे मांगता क्या?” कहते हुए आरोपियों ने पहले गाली-गलौज और धमकी दी, फिर अचानक हमला बोल दिया।

देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने एकजुट होकर धारदार हथियारों से हमला कर शाकीर हुसैन को गंभीर रूप से घायल कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे उनके भाई और चाचा को भी नहीं बख्शा गया और उन पर भी जानलेवा वार किए गए।


इस सनसनीखेज घटना में पुलिस ने शेख इलियास, शेख एजाज, शेख जावेद, शेख फिरोज, शेख अफरोज, शेख इमरान उर्फ ईमु और शेख महमूद उर्फ तहारी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मामले की जांच अमोल भगत (पुलिस निरीक्षक) और उपविभागीय पुलिस अधिकारी श्री हाके के मार्गदर्शन में जारी है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें सक्रिय हो गई हैं।
दिनदहाड़े हुई इस घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय रहते विवाद सुलझाया जाता, तो यह खूनी झड़प टल सकती थी। अब सवाल यह है कि आखिर छोटे-छोटे विवाद कब तक इतनी बड़ी हिंसा का रूप लेते रहेंगे?
