हिमायतनगर (एम. अनिलकुमार ) स्वाभिमानी संभाजी ब्रिगेड की ओर से छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा के लिए शहर के मध्य भाग में जगह देने की मांग को लेकर तारीख 21 मंगलवार से तीसरी बार आमरण अनशन शुरू किया गया है, जिससे शहर का माहौल तनावपूर्ण हो गया है।
इससे पहले 17 फरवरी और 31 मार्च 2026 को भी नगर पंचायत कार्यालय के सामने आमरण अनशन किया गया था। उस समय प्रशासन ने 15 अप्रैल तक मांग पूरी करने का लिखित आश्वासन दिया था, जिसके बाद आंदोलन स्थगित किया गया था। हालांकि अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए युवा अध्यक्ष मुन्नाभाऊ उर्फ माधव शिंदे ने तारीख 21 अप्रैल से फिर से अनिश्चितकालीन आमरण अनशन शुरू कर दिया है।
आंदोलनकारियों का आरोप है कि प्रशासन ने पहले दिए गए आश्वासनों की अनदेखी करते हुए तिसरी बार अनशन शुरू होते ही शहर के बाहर जगह देने का पत्र जारी किया, जिसे उन्होंने “शिवाजी महाराज का अपमान” बताया है। शिंदे ने स्पष्ट कहा है कि जब तक शहर के मध्य भाग में प्रतिमा के लिए उचित स्थान नहीं दिया जाता, तब तक अनशन जारी रहेगा। आंदोलन को और तेज करते हुए 24 अप्रैल (शुक्रवार) को हिमायतनगर बंद का आह्वान किया गया है, जिससे आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर होने की संभावना जताई जा रही है।

इसी बीच, प्रसिद्ध रील स्टार भाऊ कदम ने भी प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा, “नगरपंचायत इस बार मुद्दे को टालने की कोशिश न करें, वरना हालात बिगड़ सकते हैं।” इस मामले में अवधूत पवार एकंबेकर इन्होने तहसीलदार, पुलिस निरीक्षक और नगर पंचायत मुख्याधिकारी को ज्ञापन सौंपा है। साथ ही प्रहार संगठन के विधानसभा संयोजक दत्ता देशमुख ने भी शहर बंद के समर्थन में निवेदन दिया है।
फिलहाल, शिवाजी महाराज की अश्वारूढ़ प्रतिमा के लिए जगह का मुद्दा अब जनआंदोलन का रूप लेता दिख रहा है और प्रशासन की अगली भूमिका पर सभी की नजरें टिकी हैं। नगराध्यक्ष शेख रफीक शेख महबूब से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बातचीत नहीं हो सकी।
