तिरुपती| आंध्र प्रदेश स्थित तिरुपति बालाजी मंदिर में एक अज्ञात भक्त ने अपार श्रद्धा व्यक्त करते हुए भगवान श्री वेंकटेश्वर के चरणों में 121 किलो सोना अर्पित किया है। इस सोने की बाज़ार कीमत लगभग ₹140 करोड़ की गई है। मंदिर प्रशासन ने इस दान की पुष्टि की है और बताया कि यह सोना धार्मिक सेवाओं एवं मंदिर के कार्यों में उपयोग किया जाएगा।

मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने जानकारी दी कि, इस भक्त ने अपने व्यवसाय की शुरुआत तिरुपति मंदिर में माथा टेककर की थी। धीरे-धीरे उन्होंने ₹6,000–7,000 करोड़ का व्यवसाय खड़ा किया और अपनी सफलता का श्रेय भगवान वेंकटेश्वर को देते हुए यह संकल्प लिया कि वे 121 किलो सोना दान करेंगे। अब उन्होंने अपना यह व्रत पूरा कर दिया है।

वर्तमान में प्रतिदिन भगवान वेंकटेश्वर की मूर्ति को करीब 120 किलो सोने के आभूषणों से सजाया जाता है। इस भक्त ने इससे भी अधिक योगदान करने की इच्छा जताई थी और अब यह सोना मंदिर ट्रस्ट को सौंप दिया गया है। यह घटना भक्ति, विश्वास और भगवान के प्रति अटूट समर्पण का अनुपम उदाहरण है।

