हिमायतनगर, एम अनिलकुमार| हिमायतनगर नगरपंचायत के नवनिर्वाचित नगराध्यक्ष रफीक सेठ का पदग्रहण समारोह गुरुवार, 8 जनवरी 2026 को पूरे शहर के लिए ऐतिहासिक और यादगार बन गया। पूर्व विधायक माधवराव पटेल जवलंगावकर की प्रमुख उपस्थिति में रफीक सेठ ने विधिवत रूप से नगराध्यक्ष पद का कार्यभार संभाला। इस अवसर पर शहर में राजनीतिक ही नहीं, बल्कि सामाजिक उत्साह का भी जबरदस्त माहौल देखने को मिला।

सुबह 11 बजे नये महापौर तथा नगराध्यक्ष रफीक सेठ के निवास स्थान से भव्य रैली का आयोजन किया गया। पटाखों की गूंज, समर्थकों के नारों और जनसैलाब के साथ निकली इस रैली ने पूरे हिमायतनगर को जश्न के रंग में रंग दिया। शहर की सड़कों पर उमड़ा उत्साह यह दर्शा रहा था कि जनता को नए नेतृत्व से बड़ी उम्मीदें हैं।


नगर पंचायत कार्यालय में आयोजित पदग्रहण समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। मंच पर पूर्व विधायक माधवराव पटेल जवलंगावकर के साथ श्री परमेश्वर मंदिर ट्रस्ट के उपाध्यक्ष महावीरचंद श्रीश्रीमाल, अनेक गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि तथा नवनिर्वाचित नगरसेवक उपस्थित थे। नगर पंचायत के मुख्याधिकारी श्री ताडेवाड ने सभी मान्यवरों एवं नगरसेवकों का स्वागत एवं सम्मान किया।


इसके पश्चात लोकनिर्वाचित नगराध्यक्ष शेख रफीक सेठ ने औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण किया। इस ऐतिहासिक क्षण का साक्षी बनने के लिए शहर और ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में नागरिक, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। पदग्रहण के साथ ही पूरे शहर में उत्सव जैसा माहौल बन गया।


समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक माधवराव पाटील जवलंगावकर ने विश्वास जताया कि नगराध्यक्ष रफीक सेठ के नेतृत्व में हिमायतनगर के विकास को नई गति और स्पष्ट दिशा मिलेगी। उन्होंने कहा कि वर्षों से लंबित विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी और आम नागरिकों की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
नूतन नेतृत्व के साथ ही हिमायतनगर के नागरिकों में आशा और विश्वास का संचार हुआ है। लोगों को उम्मीद है कि आने वाले समय में शहर के बुनियादी ढांचे, स्वच्छता, जलापूर्ति, सड़कें और जनसुविधाओं में ठोस सुधार देखने को मिलेगा। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि नवनिर्वाचित नगराध्यक्ष और उनकी टीम हिमायतनगर को विकास के पथ पर कितनी मजबूती से आगे ले जाती है|
