हिमायतनगर,संवादादाता | हिमायतनगर–सिरंजनी रोड पर शनिवार (25 अप्रैल) दोपहर करीब 12:30 बजे एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हिमायतनगर स्थित शासकीय धान्य गोदाम से मौजे कोठा और एकंबा गांव की ओर राशन लेकर जा रहे आयशर ट्रक (क्रमांक MH26-7776) ने सिरपल्ली–सिरंजनी मार्ग से आ रही एक मोटरसाइकिल (क्रमांक MH29-AZ 4538) को जोरदार टक्कर मार दी। यह दुर्घटना एचपी गैस गोदाम के सामने मुख्य सड़क पर हुई।
इस हादसे में मोटरसाइकिल सवार गणेश सदाशिव जाधव (उम्र 55 वर्ष, निवासी सिरपल्ली) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ बैठे शंकर विठ्ठल वानखेडे (उम्र 40 वर्ष, निवासी सिरपल्ली) गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल ट्रक के अगले हिस्से में फंस गई थी।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तुरंत हिमायतनगर ग्रामीण अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां डॉ. संदीप वागतकर ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उसे आगे इलाज के लिए नांदेड रेफर किया गया।
इस घटना से क्षेत्र में शोक की लहर है और सड़क सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। समाचार लिखे जाने तक इस मामले में हिमायतनगर पुलिस थाने में कोई आधिकारिक मामला दर्ज नहीं हुआ था।


