हिमायतनगर, एम. अनिलकुमार | अवैध गुटखा और पान मसाला कारोबार के खिलाफ हिमायतनगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तहसील के ग्राम पोटा बु. क्षेत्र से करीब 4 लाख 88 हजार 300 रुपये का प्रतिबंधित माल जब्त किया है। इस मामले में एक अपराधी को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस नोट के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर तारीख 23 मार्च की रात करीब 9:20 बजे हिमायतनगर पुलिस ने पोटा बु. इलाके में जाल बिछाकर यह कार्रवाई की। यह कारवाई पुलिस अधीक्षक अविनाश कुमार के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कि गई। जांच के दौरान मस्जिद के पास स्थित एक टिन शेड वाले घर में सैयद सत्तार सैयद खादर (निवासी पोटा) द्वारा बिना अनुमति प्रतिबंधित गुटखा और पान मसाला बड़ी मात्रा में जमा कर बिक्री के लिए रखा गया था।
पुलिस ने मौके से गोवा 1000 पान मसाला, वजीर केसरयुक्त गुटखा, जी-1 जर्दा, बाजीराव पान मसाला, केसर गोल्ड, मस्तानी 216 और प्रीमियम च्युइंग तंबाकू सहित कुल 4.88 लाख रुपये का माल जब्त किया। श्यामसुंदर नागरगोजे की शिकायत पर अपराधी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अविनाश कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक अर्चना पाटील तथा उपविभागीय पुलिस अधिकारी श्री हाके ईनके मार्गदर्शन में हिमायतनगर पुलिस टीम द्वारा की गई। इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और अवैध कारोबारियों में भय का माहौल बना है।
पहले भी हुई थी कार्रवाई
गौरतलब है कि इससे पहले इसी गावं में तारीख 18 मार्च को एलसीबी (स्थानीय अपराध शाखा) ने भी पोटा बु. में छापा मारकर करीब सवा लाख रुपये का गुटखा जब्त किया था। इसके बावजूद यहां दोबारा बड़े पैमाने पर गुटखा जमा किया जाना प्रशासन के लिए चिंता का विषय बना हुआ है।
अवैध धंधों पर सवाल
हिमायतनगर क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन, गुटखा, मटका, जुआ और राशन कालाबाजारी जैसे कई अवैध धंधे चलने की शिकायतें सामने आ रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस को जानकारी होने के बावजूद अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो रही है। अब देखना होगा कि प्रशासन इन अवैध गतिविधियों पर कितना प्रभावी अंकुश लगा पाता है।


