हिमायतनगर, अनिल मादसवार| हिमायतनगर शहर और तालुका क्षेत्र में रविवार रात अचानक आए तेज आंधी-तूफान और बारिश ने ग्रामीण इलाकों में भारी तबाही मचाई। कई गांवों में घरों की टिन की छतें उड़ गईं, जबकि कुछ स्थानों पर मकानों को गंभीर नुकसान पहुंचा है।
विशेष रूप से तालुका के मौजे आंदेगांव (पश्चिम) क्षेत्र में तूफान का असर अधिक देखने को मिला। कई परिवारों के घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
फसलों को भारी नुकसान – आंधी और बारिश से किसानों की फसलों को भी बड़ा झटका लगा है। ईलाक़े में हळद (हल्दी), गर्मी की ज्वार, संतरा, मौसंबी, आम और चीकू जैसी फसलों को व्यापक नुकसान हुआ है। इसके अलावा पशुओं के लिए जमा किया गया चारा भी तेज हवा में उड़ गया।
मकानों की हालत खराब – कई घरों की छतें उड़ने से लोग खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं। कुछ जगहों पर दीवारें गिरने की घटनाएं भी सामने आई हैं। तेज हवा के कारण कई स्थानों पर पेड़ उखड़ गए और बिजली की तारें टूट गईं, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में अंधेरा छा गया। लोगों को रातभर जागकर समय बिताना पड़ा। खंडित बिजली आपूर्ति बहाल करने के लिए महावितरण के कर्मचारी लगातार मेहनत कर रहे हैं और स्थिति को सामान्य करने का प्रयास जारी है।
प्रशासन से मदद की मांग – स्थानीय नागरिकों और किसानों ने प्रशासन से तत्काल पंचनामा कर नुकसान का आकलन करने और आर्थिक सहायता देने की मांग की है। प्रभावित परिवारों को जल्द राहत उपलब्ध कराने की आवश्यकता जताई जा रही है। प्रशासन ने नागरिकों से सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है।


